मंदसौर, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के पीपलखूंटा क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार दो पुरुष और एक महिला गांव डिगाव से पीपलखूंटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आए एक मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में भरतनाथ (50) निवासी पीपलखूंटा, भेरूनाथ (45) निवासी असावती और सुगनबाई (45) निवासी असावती घायल हो गए। तीनों आपस में रिश्तेदार हैं। बताया जा रहा है कि भरतनाथ के जीजा भेरूनाथ और बहन सुगनबाई उनके साथ बाइक पर सवार थे। बाइक भेरूनाथ चला रहे थे, बीच में भरतनाथ बैठे थे और पीछे सुगनबाई बैठी हुई थीं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में सबसे ज्यादा चोट भरतनाथ को आई है। उनके हाथ और पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।
वहीं भेरूनाथ के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि सुगनबाई के सिर में चोट लगी है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने वाला मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया और फिलहाल उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया
