भागलपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उर्दू बाजार स्थित काली मंदिर की लगभग एक कट्ठा जमीन पर सोमवार को दबंगों द्वारा कब्जा करने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया।

कुछ लोगों द्वारा जमीन की घेराबंदी कर निर्माण की तैयारी शुरू की गई, वैसे ही मोहल्ले के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त जमीन पर पिछले 25 वर्षों से काली मंदिर से संबंधित सामान रखा जाता रहा है और यह भूमि धार्मिक उपयोग में है। बावजूद इसके कुछ दबंग किस्म के लोग जबरन उस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति बिगड़ते देख ग्रामीण सीधे तातारपुर थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष से पूरे मामले की शिकायत करते हुए जमीन को कब्जे से बचाने की गुहार लगाई।
काली मंदिर के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद गुप्ता ने बताया कि कुछ लोग जमीन की घेराबंदी करने पहुंचे थे, जिसका पूरे मोहल्ले ने एकजुट होकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह जमीन लंबे समय से मंदिर समिति के उपयोग में है और इसका धार्मिक महत्व है। इसलिए किसी भी हाल में कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तातारपुर थानाध्यक्ष ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। साथ ही यह निर्णय लिया गया है कि आगामी शनिवार को थाना परिसर में दोनों पक्षों के कागजात की जांच की जाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जमीन पर दोबारा कब्जे की कोशिश हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर की जमीन को सुरक्षित रखा जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
