– आक्रोशित परिजनों ने आरोपित की बाइक फूंकी

– पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की आरोपित की तलाश

चित्रकूट, 08 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद में राजपुर थाना क्षेत्र में दीपक जलाने गई युवती के साथ मंदिर के पीछे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। घटना से आक्रोशित पीड़ित युवती के परिजनों ने आरोपित युवक की बाइक में आग लगा फूंक दी। घटना के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है और गांव में कई थानों की फोर्स और पीएसी बल तैनात कर दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह ने रविवार को बताया कि राजापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की शाम 7 बजे एक युवती पास के एक मंदिर में दीपक जलाने गई हुई थी। तभी वहां पहले से घात लगाए पड़ोसी युवक राजेश कुमार ने युवती को परिक्रमा लगाते समय मंदिर के पीछे पकड़ लिया। जहां से उसे खेत ले जाकर हाथ और मुंह दुपट्टे से बांधकर दुष्कर्म की वारदात की। पीड़ित युवती के घर नहीं पहुंचने पर उसके परिजन खोजने के लिए मंदिर पहुंचे। तभी आरोपित युवक उन्हें देख कर अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीड़ित युवती ने अपनी आपबीती बताई तो आक्रोशित परिजनों ने युवक की बाइक में आग लगा।
घटना की जानकारी लगते ही आरोपित के परिजन भी घर में ताला लगाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर कई थाने की फोर्स पहुंच गई और ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए पीएसी बल गांव में तैनात कर दिया गया है।
एएसपी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर पीड़ित युवती का बयान लेकर उसे मेडिकल के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक टीम की मदद से घटना स्थल पर साक्ष्य एकत्र किये गये हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम लगा दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल
