हरिद्वार, 15 अप्रैल (हि.स.)। लक्सर पुलिस ने भोगपुर क्षेत्र में हुए चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस के एक आरोपित को बीती रात गिरफ्तार कर लिया है। घटना लक्सर के भोगपुर स्थित एक मंदिर में हुई थी,जहां सेवादार के रूप में कार्यरत बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि 12 अप्रैल को मंदिर में कार्यरत बुजुर्ग सेवादार राजवीर की सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई थी। साथ ही आसपास के मंदिरों से एम्प्लीफायर और इन्वर्टर चोरी होने की घटनाएं भी सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बुधवार को बताया कि गठित टीम ने तकनीकी और मैनुअल दोनों तरीकों से जांच को आगे बढ़ाया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह चोरी का सामान लेने और क्षेत्र से फरार होने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विशाल चौधरी उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरनगर का निवासी है और पेशे से ड्राइवर है।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह चोरी के इरादे से मंदिर में घुसा था। 11 अप्रैल की रात शराब के नशे में उसने पेचकस और हथौड़ा लेकर मंदिर का ताला तोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बाहर सो रहे बुजुर्ग सेवादार की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।
पकड़े जाने के डर से आरोपित ने उनके सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने मंदिर से नकदी,इन्वर्टर और पास के मंदिर से एम्प्लीफायर चोरी कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और पेचकस,चोरी किया गया इन्वर्टर,एम्प्लीफायर बरामद किया है। पुलिस ने मामले में हत्या और चोरी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपित का चालान कर दिया है।—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
