भागलपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। नवगछिया पुलिस जिला नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र में काम नहीं करने पर एक मजदूर के साथ मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है ।

आरोप है कि सदानंद सिंह के यहां काम करने से इंकार करने पर एक मजदूर की तीन लोगों ने मिलकर बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित मजदूर पिछले एक महीने से भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाजरत है। पीड़ित ने भागलपुर प्रक्षेत्र के आईजी विवेक कुमार से शनिवार को मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित की पहचान लुथी मंडल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह वर्तमान में प्रकाश नामक व्यक्ति के यहां मजदूरी करते हैं। करीब पांच दिन पहले सदानंद सिंह ने उन्हें अपने यहां काम करने का दबाव बनाया था। साथ ही धमकी दी गई थी कि अगर उन्होंने उनके यहां काम नहीं किया तो हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे।
पीड़ित के अनुसार, इस धमकी को गंभीरता से नहीं लेने पर कुछ दिन बाद तीन लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। मारपीट की इस घटना में लुथी मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने के कारण भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद से वह लगातार इलाजरत हैं और अब तक पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाए हैं।
भागलपुर पहुंचे लुथी मंडल ने आईजी विवेक कुमार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस मामले में भवानीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आवेदन के आलोक में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
