
जौनपुर, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता शहजाद अली को शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया। यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक द्वारा की गई है।

शनिवार की शाम ऊर्जा मंत्री ने मड़ियाहूं स्थित विद्युत उपकेंद्र का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता शहजाद अली मौके पर उपस्थित नहीं मिले। मंत्री ने दूरभाष पर सम्पर्क कर उनसे विद्युत आपूर्ति की स्थिति के बारे में जानकारी ली और तत्काल उपकेंद्र पहुंचने का निर्देश दिया, लेकिन इसके बावजूद वे मौके पर नहीं पहुंचे।
इसके बाद अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक भी उपकेंद्र पहुंचे और उन्होंने शहजाद अली को तत्काल उपस्थित होने का निर्देश दिया, लेकिन वे फिर भी नहीं आए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस समय विद्युत विभाग में अनुरक्षण माह चल रहा है, जिसके अंतर्गत उपकेंद्रों पर नियमित मरम्मत और रखरखाव कार्य किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शहजाद अली बिना किसी पूर्व सूचना के अपने कार्यस्थल और मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि उनके कार्यक्षेत्र में विद्युत अनुरक्षण और आपूर्ति व्यवस्था की प्रगति भी संतोषजनक नहीं थी। अधीक्षण अभियंता अनिल पाठक ने शहजाद अली को अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने और बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने जो विभागीय कार्यों के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता को दर्शाता है। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद उनके खिलाफ अग्रिम जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उन्हें निलम्बित कर दिया है। निलम्बन अवधि के दौरान शहजाद अली को अवर अभियंता, कार्यालय अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड शाहगंज से संबद्ध किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
