इंफाल, 16 मार्च (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों से विभिन्न अपराधों में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कड़ी में अवैध हथियार, मादक पदार्थ एवं बैंक में चोरी करते एक चोर को गिरफ्तार किया है।

मणिपुर पुलिस ने साेमवार काे बताया कि रविवार को सुरक्षा बलों ने मोरेह स्थित यूको बैंक की इमारत के अंदर से किशन चौहान (29) व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति मोरेह के नगामखाई वेंग स्थित मोरेह बस पार्किंग का निवासी बताया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति ने बैंक में सेंध लगाई थी और एसी, साउंड बॉक्स उपकरण, इलेक्ट्रिक बैटरी आदि चुराने की कोशिश की थी। पूर्व में चोरी किए गए एक ऑडियो साउंड बॉक्स और एक एसी को पुलिस ने उसके पास से बरामद किया है।
इसी कड़ी में, सुरक्षा बलों ने खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से हेफाजुद्दीन मयांगमयूम (42) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति इंफाल पश्चिम जिले के कोमलाखोंग माखा लेइकाई का रहने वाला बताया गया है। उसके पास से 1.002 किलोग्राम प्रतिबंधित अफीम बरामद हुई। इसके साथ ही एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड भी जब्त किया है।
एक अन्य अभियान में इंफाल पश्चिम जिले के लैम्पफेल पुलिस थानांतर्गत लाइफाम खुनौ मयाई लेइकाई से, सगोलशेम बोइचा सिंह (42) उर्फ तायई को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति इंफाल पूर्व जिले के सावोमबुंग गेट का निवासी बताया गया है। उसके पास से अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक .32 पिस्तौल (दो मैगज़ीन और 10 राउंड के साथ), मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया है।
उल्लेखनीय है कि, सुरक्षा बल विभिन्न जिलों के सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में तलाशी अभियान और ‘एरिया डोमिनेशन’ (क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करने) की कार्रवाई लगातार जारी रखे हुए हैं। मणिपुर के विभिन्न जिलों में, चाहे वे पहाड़ी क्षेत्र हों या घाटी में रविवार को कुल 115 नाके एवं चेक पॉइंट स्थापित किए गए थे ताकि इलाके में शांति बनी रहे एवं वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो, हालांकि, किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया।——————–
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
