सिलीगुड़ी, 16 अप्रैल (हि.स.)। मतदाताओं के बीच भरोसा बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक बूथ-बूथ पर पहुंच रहे हैं। आगामी 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होने वाला है। इसी बीच, आठ अप्रैल को नक्सलबाड़ी में तृणमूल और बीजेपी के बीच झड़प की घटना हुई थी।

इसी को देखते हुए नक्सलबाड़ी के रायपाड़ा इलाके में लोगों के बीच भरोसा बढ़ाने के लिए बुधवार रात दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरिशंकर पनिकर और जिला पुलिस अधीक्षक प्रतीक्षा झारखंडिया पहुंचे। उन्होंने नक्सलबाड़ी के रायपाड़ा और नंद प्रसाद बालिका विद्यालय के बूथों का निरीक्षण किया और आम लोगों को आश्वस्त किया।
इस दौरान केंद्रीय बलों के साथ इलाके में गश्त भी की गई। जिलाधिकारी ने लोगों से मतदान करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई शिकायत हो, तो वह 1905 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
