नैनीताल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के खुर्पाताल न्याय पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित मदिरा दुकान के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम किया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि मंगोली और बजून क्षेत्र में मदिरा दुकान खोलने के निर्णय से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा। नए वित्तीय वर्ष के पहले दिन एक अप्रैल को दुकान खुलने और रात्रि में मदिरा पहुंचाए जाने की आशंका के चलते महिलाएं पूरी रात प्रस्तावित स्थल के बाहर धरने पर बैठी रहीं। संभावित भंडारण को लेकर ग्रामीणों ने रातभर विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
प्रातः तक टेंडर निरस्त करने संबंधी कोई आदेश न मिलने पर आंदोलन उग्र हो गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। स्थिति को देखते हुए मल्लीताल से कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल हेम चंद्र पंत ने एक घंटे के भीतर प्रशासन से वार्ता कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने मार्ग खोल दिया।
हालांकि समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण प्रस्तावित स्थल के बाहर धरने पर डटे हुए हैं। एहतियातन पुलिस ने नैनीताल-कालाढुंगी मार्ग पर यातायात को हल्द्वानी के रास्ते डायवर्ट कर दिया है।
धरना-प्रदर्शन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु पांडे, ग्राम प्रधान प्रेमा मेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
