औरैया, 14 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अमावता गांव में शनिवार को खेत पर गए एक विकलांग युवक पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। युवक को बचाने पहुंची उसकी भतीजी को भी मधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार अमावता निवासी विपिन (24) पुत्र राजेंद्र कुमार खेत पर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया और पूरे शरीर में कई जगह डंक मार दिए। विपिन दोनों पैरों से विकलांग हैं, जिसके कारण वह वहां से भाग नहीं सके और मधुमक्खियों के हमले का अधिक शिकार हो गए।
विपिन की चीख-पुकार सुनकर उनकी भतीजी शिवांगी (16) पुत्री शमशेर उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंच गई। इस दौरान मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया और उसे भी कई जगह डंक मार दिए, जिससे वह भी घायल हो गई।
ग्रामीणों और परिजनों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही ह। उन्हें निगरानी में रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
