भागलपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्याह्न भोजन रसोइया फ्रंट के तत्वावधान में रविवार को भागलपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले भर के रसोइयों ने भाग लिया। कार्यक्रम में रसोइयों की समस्याओं, मानदेय वृद्धि और कार्यस्थल पर सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना में कार्यरत रसोइयों को अभी भी न्यूनतम मानदेय और पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। रसोइयों ने एक स्वर में केंद्र और राज्य सरकार से मानदेय बढ़ाने और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई ।कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सरकार द्वारा अप्रैल से 20,000 रुपये मानदेय लागू करने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक इसका लाभ जमीनी स्तर पर नहीं पहुंच पाया है। इसको लेकर रसोइयों में नाराजगी देखी गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत पटना और दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की रणनीति भी बनाई गई।
कार्यक्रम में जिला संयोजक समेत कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे और रसोइयों की एकजुटता पर जोर दिया। अंत में सभी ने मिलकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
