कठुआ, 06 फरवरी (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी कठुआ की ओर से शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर मनरेगा बचाओ संघर्ष और जम्मू-कश्मीर की राज्य बहाली की मांग को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। यह धरना कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मनरेगा योजना में किए जा रहे कथित बदलावों का विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद चैधरी लाल सिंह सहित अन्य नेताओं ने कहा कि देश की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाले महात्मा गांधी के नाम पर शुरू की गई मनरेगा योजना का नाम बदलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन चला रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना या परियोजना का ननाम किसी भगवान के नाम पर नहीं होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में ऐसी किसी योजना में घोटाला सामने आता है तो क्या धार्मिक भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचेगी। युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां एक ओर विदेशों में महात्मा गांधी को सम्मान दिया जाता है, वहीं देश में उनके नाम से जुड़ी योजनाओं के नाम बदले जा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर को जल्द राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की। नेताओं का कहना था कि राज्य बहाली से ही युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जनता को उनके अधिकार वापस मिलेंगे। धरने के माध्यम से कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मनरेगा योजना से छेड़छाड़ बंद करने और जम्मू-कश्मीर की शीघ्र राज्य बहाली की मांग दोहराई।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
