कानपुर, 24 जनवरी (हि.स.)। 25 जनवरी को मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री सीधे देशवासियों से संवाद करेंगे, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक दिशा और प्रेरणा मिलती है। भाजपा कार्यकर्ता पीएम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। महानगर सहित पूरे क्षेत्र में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है और सभी बूथों पर इसे एक जनआंदोलन के रूप में सफल बनाया जायेगा। यह जानकारी शनिवार को क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रसारित किए जाने वाले लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। आगामी मन की बात कार्यक्रम को भाजपा के सभी बूथों पर सामूहिक रूप से सुना जाएगा, जिसके लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व वित्त मंत्री एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल का कानपुर आगमन प्रस्तावित है। वह छावनी विधानसभा के बूथ संख्या 102 पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे।
इस अवसर पर बूथ स्तर से लेकर मंडल एवं जिला स्तर तक भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश, समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को सुनकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
