भोपाल, 10 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा मंगलवार को प्रारंभ हुई। प्रदेश में पहले दिन अंग्रेजी विषय का पेपर शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान दो संभागों में 13 नकल के प्रकरण दर्ज किए गए।

मध्य प्रदेश में परीक्षा का आयोजन माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा हायर सेकंडरी परीक्षा वर्ष 2026 का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई परीक्षा 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा के दौरान मंगलवार को प्रदेश के भोपाल संभाग के भोपाल जिले में 07 नकल प्रकरण तथा ग्वालियर संभाग के मुरैना जिले में 06 नकल प्रकरण दर्ज किए गए। शेष सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण रही। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

इस बार प्रदेशभर से लगभग 7 लाख छात्र फाइनल परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं के आयोजन के लिए राज्य में कुल 3856 परीक्षा केंद्र तय किए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। नकल पर रोक लगाने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं, केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं और 12वीं को मिलाकर प्रदेशभर से 16 लाख से ज्यादा विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें लगभग 9 लाख 7 हजार छात्र 10वीं की परीक्षा दे रहे हैं, जबकि करीब 7 लाख विद्यार्थी 12वीं बोर्ड की परीक्षा में शामिल हुए हैं। इतने बड़े पैमाने पर हो रही परीक्षाओं को सुचारु, निष्पक्ष और नकल-मुक्त बनाने के लिए शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने काफी पहले से तैयारी कर ली थी। सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और परीक्षा संचालन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि परीक्षाएं सुचारू से संपन्न की जा सकें। पहले दिन मंगलवार को आयोजित कक्षा 12वीं की अंग्रेजी परीक्षा के बाद परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते छात्रों के चेहरों पर संतोष नजर आया। अधिकांश विद्यार्थियों का कहना था कि प्रश्नपत्र न तो ज्यादा कठिन था और न ही बहुत आसान, बल्कि संतुलित रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
