





भोपाल, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की सहमति से प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट एवं मीडिया विभाग के सदस्यों की घोषणा कर दी है।

गुरुवार देर शाम जारी सूची के अनुसार, भाजपा ने कुल 33 प्रदेश प्रवक्ता बनाए गए हैं, जिनमें 11 मौजूदा विधायक और पांच पूर्व विधायकों को भी शामिल किया गया है। वहीं, पार्टी ने मीडिया प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से नौ प्रदेश सह मीडिया प्रभारी की नियुक्ति की है। इसके अलावा 41 प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट और छह सदस्य प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट की भी नियुक्ति की है। इन सभी नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए गए हैं और यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
प्रदेश प्रवक्ता के रूप में जिन विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है, उनमें बुरहानपुर से अर्चना चिटनीस, सीधी से कुंवर सिंह टेकाम, इंदौर से उषा ठाकुर, बालाघाट से गौरव पारधी, जबलपुर से नीरज सिंह लोधी, कटनी से संदीप जायसवाल, जबलपुर से संतोष वरकड़े, नीमच से दिलीप परिहार, हरदा से संजय शाह, बैतूल से डॉ. योगेश पंडाग्रे और खंडवा से छाया मोरे शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व विधायकों में झाबुआ से कलसिंह भाबर, मंदसौर से यशपाल सिंह सिसोदिया, दतिया से घनश्याम पिरोनिया, अनूपपुर से रामलाल रौतेल और उज्जैन से राजेंद्र भारती को भी प्रवक्ता की भूमिका सौंपी गई है।
साथ ही वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल, पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. हितेश वाजपेयी, पंकज चतुर्वेदी, डॉ. गुलरेज शेख, रूप पमनानी, विवेक गुप्ता और डॉ. दुर्गेश केसवानी को भी प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
