भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर रायसेन पहुंचे हैं। वे यहां दशहरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय उन्नत कृषि महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगो। उनके साथ केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी रायसेन पहुंचे हैं।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वायुसेना का विशेष विमान से दोपह करीब 12 बजे भोपाल पहुंचे। यहां राजाभोज विमानतन (स्टेट हैंगर) पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनकी आत्मीय अगवानी की। उन्होंने रक्षा मंत्री सिंह का पुष्प-गुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर प्रदेश में आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को सिंह को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।
इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, भोपाल के लोकसभा सांसद आलोक शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भी केंद्रीय मंत्री सिंह को पुष्प भेंट किए।
स्टेट हैंगर में अल्प-विश्राम के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर से रायसेन के लिए रवाना हुए। वे रायसेन जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय उन्नत कृषि महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। आगामी 13 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर से किसान, वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। वर्तमान में 300 से अधिक स्टॉलों वाली इस विशाल प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, ड्रोन और उन्नत पशुपालन की जानकारी दी जा रही है।_____________
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
