

शहडोल, 08 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शहडोल जिले के धनपुरी में नगर पालिका द्वारा निर्मित वाटर पार्क का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जैतपुर नगर को नगर परिषद का दर्जा देने की घोषणा की।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव का धनपुरी पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ता बंधुओं ने आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यक्रम में नवनिर्मित वाटर पार्क का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के पर्यटन को रफ्तार मिलेगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों को आगे बढ़ाना है। क्षेत्र के विधायक ने कुछ मांग की है तो हम मना कैसे कर सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र में 2300 करोड़ की सिंचाई योजना देने की घोषणा करते हुए कहा कि जैतपुर में महाविद्यालय का भवन बनेगा। शहडोल में नए महाविद्यालय की शुरूआत किया जाएगा। लोगों की मांग पर जैतपुर को नगर पंचायत देने की घोषणा करता हूं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुझे धनपुरी के अंदर इतना बढिया स्विमिंग पुल देखकर इंदौर, उज्जैन जैसे बड़े नगर की याद आ गई। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की ओर ध्यान नहीं दिया। हमारी सरकारों के काम करने का तरीका ही अलग है। जब मैं जय जयकार कराता हूं तो कांग्रेस वालों की पार्टी पर सांप लोट जाते हैं। हम भगवान श्रीराम की जयकार करने वाले लोग हैं।
उन्होंने कहा कि माता शबरी ने वर्षों तक राम का इंतजार किया। भगवान राम प्रेम के वशीभूत होकर शबरी माता के पास पहुंचे। श्रीराम ने शबरी के झूठे बेर खाए। मनुष्य से मनुष्य का प्रेम यह है सनातन संस्कृति की विशेषता। हम जब पूरे शहडोल की तरफ देखते हैं तो यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बहुत अच्छा काम हुआ है। किसानों के हित का पूरा ध्यान रखा गया है। मोदी जी का पूरा जीवन देश के विकास के लिए ही है। भारत का मान सम्मान बढाने के लिए सशक्त बनाने के लिए हम देश के प्रधानमंत्री का जोरदार अभिनंदन करें।
उन्होंने कहा कि आज धनपुरी में जो सौगात मिली है वह जंगल में मंगल हो गया है। धनपुरी धन्य हो गई। नगरपालिका अध्यक्ष को बधाई कि इतनी अच्छी सौगात इस क्षेत्र को मिली है। सभी क्षेत्र में काम करते हुए आज मप्र सबसे आगे बढ रहा है। हम लगातार काम कर रहे हैं। महिला सशक्तिकरण का काम किया गया है। बहुत जल्दी युवाओं को सभी तरह के कल कारखाने की सौगात मिलेगी।
माता शबरी की प्रतिमा का अनावरणइसके बाद मुख्यमंत्री गंधिया जनपद पंचायत जयसिंह नगर के लिए प्रस्थान कर स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता निभाएंगे। वह यहां पर सीतामढ़ी धाम में स्थापित की गई माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रवास के दौरान शहडोल जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमि पूजन एवं योजनाओं के लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे।
कांग्रेस ने किया मुख्यमंत्री के दौरे का विरोधमुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले कांग्रेस ने उनके दौरे का जमकर विरोध किया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की कोशिश की। बुढार पुलिस कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं को बस में भरकर बुढार थाना ले गई। वहां थाना में पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री मुर्दाबाद और हाय हाय के नारे लगा दिए। इसके बाद थाना में ही रघुपति राघव राजाराम का पाठ किया। वहीं अमलाई पुलिस ने भी एसईसीएल रामपुर बटूरा प्रोजेक्ट के प्रभावित किसानों को रोक कर अमलाई थाना ले गई। प्रभावित किसान अपनी समस्या को लेकर सीएम से मिलना चाहते थे, जिन्हें थाना में बैठाकर पुलिस ने यह आश्वासन दिया है कि उन्हें हेलीपैड में मुख्यमंत्री से मिलाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
