कोलकाता, 06 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अलग-अलग पोस्ट के जरिए देश और बंगाल की तीन महान विभूतियों को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले प्रख्यात गणितज्ञ केशवचंद्र नाग की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया और उनके प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
इसके बाद ममता बनर्जी ने “द नाइटिंगेल ऑफ इंडिया” लता मंगेशकर को उनकी पुण्यतिथि पर स्मरण किया। उन्होंने लिखा कि लता मंगेशकर की आवाज आज भी देश की धड़कन बनी हुई है और उनका संगीत हमेशा अमर रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बंगाली सिनेमा के महान निर्देशक ऋत्विक घटक की पुण्यतिथि पर भी उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि ऋत्विक घटक के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर उनकी कालजयी फिल्मों को कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित किया गया था। इसके साथ ही उनके जीवन और रचनात्मक योगदान पर एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया था।
इन तीनों पोस्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री ने शिक्षा, संगीत और सिनेमा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाली विभूतियों को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
