आसनसोल, 11 मार्च (हि. स.)। भाजपा नेत्री प्रियंका टिबरेवाल ने बंगाल के विकास को लेकर राज्य की ममता बनर्जी सरकार और स्थानीय तृणमूल नेताओं पर जोरदार हमला बोला। इलाके के दौरे के दौरान उन्होंने बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर गंभीर सवाल उठाए और राज्य सरकार के विकास के दावों को खोखला बताया।

प्रियंका टिबरेवाल ने कहा कि स्थानीय विधायक और उनके बेटे केवल सोशल मीडिया की रील्स और इंटरव्यू में विकास की बातें करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को अब तक बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पाई हैं।
उन्होंने इलाके की खराब सड़कों, गंदे तालाबों और पीने के पानी की समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
टिबरेवाल ने कहा कि सड़कों पर खड़े बालू से भरे ट्रकों की वजह से छोटे बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि इलाके के लोग गरीबी की चरम सीमा पर पहुंच चुके हैं और सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में अगर किसी का विकास हुआ है तो वह केवल तृणमूल के विधायकों और नेताओं का हुआ है। उन्होंने नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपनी आईटी रिटर्न और संपत्ति का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करें।
प्रियंका टिबरेवाल ने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का राज्य सरकार द्वारा विरोध किए जाने के कारण बंगाल विकास में पिछड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अगर बंगाल में भी भाजपा की डबल इंजन सरकार बनती है तो अगले पांच वर्षों में राज्य की तस्वीर बदल सकती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
