जलपाईगुड़ी, 25 मार्च (हि. स.)। उत्तर बंगाल से विधानसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को जिले के मयनागुड़ी टाउन क्लब मैदान से की है। इस दौरान उन्होंने अपने पार्टी के उम्मीदवार राममोहन राय के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला किया।

उनके भाषण में नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (एनआरसी) का डर, मूल्यवृद्धि, जनजातीय भावनाएं और पहचान पत्र विवाद जैसे संवेदनशील मुद्दे प्रमुख रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत विकास कार्यों की समीक्षा से की। उन्होंने बताया कि 11 करोड़ रुपये में सड़क निर्माण हो रहा है, महाकाल मंदिर का निर्माण जारी है और राज्य सरकार ने हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह एक हिंसक पार्टी है।
ममता ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से महिलाओं और राजवंशी समुदाय के नाम हटाए जाने का आरोप भी लगाया।
एनआरसी पर चेतावनी देते हुए कहा कि मैं बचे रहते बंगाल में एनआरसी करके डिटेंशन कैंप नहीं बनने दूंगी। भाजपा संविधान या लोकतंत्र की परवाह नहीं करती है।
अकाल बारिश में आलू किसानों को राहत का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार उनके साथ है और फसल बीमा के तहत जल्दी मुआवजा मिलेगा। साथ ही पेट्रोल और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
