मुरादाबाद, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में फिलिप्स मैमोरियल मैथोडिस्ट चर्च में पुनरुत्थान दिवस (ईस्टर डे) को समस्त मसीही समाज ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। चर्च में प्रातः 5 बजे प्रभु येशु के मृतकों में से जी उठने की ख़ुशी में सभी चर्चों की झाँकियाँ मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रांगण में एकत्रित हुईं, जहाँ सनराइज सर्विस की आराधना संपन्न हुई।

आराधना के बाद फिलिप्स मैमोरियल मैथोडिस्ट चर्च में प्रातः 9:30 बच्चों के बपतिस्मे (जल संस्कार) हुए, उसके बाद ईस्टर की आराधना हुई। आराधना का संचालन रेव्ह अनिल सी.लाल ने किया। बाईबल बैनहर एंथनी ने किया। प्रेज़ एंड वर्शिप एवं प्रार्थना रेव्ह रोहित मैसी ने की। चर्च क्वायर की ओर से एक मधुर गीत “ जी उठा है, वो जिंदा है, यीशु राजा मृत्युंजय“ को गाया गया।
गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु ने सारे संसार के पापों को अपने ऊपर लेकर क्रूस पर अपने प्राणों को परमेश्वर पिता के हाथों मे सौंप दिया था ,और अपने जीवन को मानव जाति के उद्धार के लिए बलिदान कर दिया था। आज के दिन प्रभु येशु ने मृत्यु के ऊपर विजय पाई ओर मृतकों मे से जी उठे। प्रभु येशु के जी उठने के दिन को पुनरुत्थान दिवस (ईस्टर डे) के रूप मे मनाया जाता है।
आज प्रभु के सन्देश को चर्च के सीनियर पास्टर एवं पास्टर इंचार्ज रेव्ह बृजेश मैनसल ने दिया। उन्होंने प्रभु यीशु के तीसरे दिन जी उठने की घटना को बहुत ही अदभुत घटना बताया। उन्होंने बताया कि जैसे बीज धरती को चीरकर पौधे के रूप में बाहर आता है, वैसे ही प्रभु येशु मृत्यु के ऊपर जयवंत होकर कब्र से बाहर आ गए। साथ ही बताया कि बिना पश्चाताप किये हम कभी भी स्वर्ग में प्रवेश नहीं कर सकते। आराधना के अंत में आशीष वचन रेव्ह ब्रिजेश मैनसल ने दिये।
रेव्ह ब्रिजेश मैनसल ने बताया 6 अप्रैल को समस्त मसीही समाज द्वारा एक भव्य शोभायात्रा को झांकियों के रूप में निकाला जाएगा, जो कि पारकर इंटर कॉलेज के प्रांगण से शुरू होकर ताड़ीखाना, टाउनहॉल, कोतवाली, गुरहट्टी, जैन मंदिर, अम्बेडकर पार्क, पीली कोठी होते हुए मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रांगण में समाप्त होगा। आराधना में राजीव सिंह ,अभिषेक विल्सन, नीरज एडवर्ड, अंतिम सिंह, सुरेन्द्र ऍम लाल, रोबिन मसीह, प्रिंस आदि का सहयोग रहा।
————
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
