सिलीगुड़ी, 16 फरवरी (हि. स.)। नक्सलबाड़ी और खोरीबाड़ी थाना क्षेत्रों में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों मामलों में सफलता मिलने के बाद नक्सलबाड़ी के एसडीपीओ सौम्यजीत रॉय ने सोमवार को पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पहली घटना नक्सलबाड़ी के स्कूटीडांगी इलाके की है, जहां घर खाली पाकर बदमाशों ने अलमारी तोड़कर सोने के कान के झुमके, सोने की चूड़ी तथा करीब एक लाख 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। परिजनों ने चोरी के बाद नक्सलबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और बीती रात माटीगाड़ा थाना की मदद से मुख्य आरोपित दीपक दास को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी घटना खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र की है। यहां बदमाशों ने टोटो में यात्री बनकर ठंडे पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर चालक को पिला दिया और टोटो लेकर फरार हो गए थे। शिकायत दर्ज होते ही जांच शुरू की गई। जिसके बाद बिहार के ठाकुरगंज से आरोपित रंगलाल बनिक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी हुआ टोटो बरामद कर लिया गया है। इन दोनों घटनाओं की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
