

सारण, 26 जनवरी (हि.स.)। सामान्य प्रशासन विभाग बिहार के निर्देशानुसार महादलित टोलों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम के तहत 77वें गणतंत्र दिवस का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। छपरा नगर निगम के वार्ड संख्या 09 नया जान टोला राजेंद्र कॉलेज के समीप स्थित महादलित टोले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।जिलाधिकारी की उपस्थिति में टोले की सबसे महिला आशा देवी ने तिरंगा फहराया। जैसे ही तिरंगा लहराया और राष्ट्रगान की धुन गूंजी, पूरा माहौल देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो गया। जिलाधिकारी की इस पहल ने न केवल बुजुर्गों के प्रति सम्मान प्रकट किया, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त संदेश भी दिया। इस ऐतिहासिक क्षण को देख स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह नजर आया।

झंडोत्तोलन के उपरांत जिलाधिकारी ने टोले के बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, पेन और अन्य स्टेशनरी सामग्रियों का वितरण किया। बच्चों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह एकमात्र रास्ता है जो गरीबी और पिछड़ेपन की बेड़ियों को काट सकता है। यह वह माध्यम है जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान संभव है। कार्यक्रम के समापन के बाद जिलाधिकारी ने टोले में सफाई, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया।
मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित विभाग के कर्मियों को उन्होंने निर्देश दिए कि टोले की समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, स्थानीय वार्ड प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
