फर्रुखाबाद, 31 जनवरी (हि.स.)। महारानी लक्ष्मीबाई की पेंटिंग बनाकर वीरगाथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद की छात्रा जेसिका

सक्सेना ने शानदार सफलता हासिल की है। जेसिका की इस सफलता ने जिले का नाम राष्ट्र स्तर पर दर्ज कराया है।
शहर के मोहल्ला बजरिया की रहने वाली जेसिका सक्सेना मदन मोहन कनौडिया इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा है। जेसिका सक्सेना ने राष्ट्रीय स्तर की वीरगाथा 5.0 प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल की है। छात्रा जेसिका ने महारानी लक्ष्मीबाई पर आधारित पेंटिंग बनाकर वीरगाथा सुपर 100 में जगह बनाई। उनकी पेंटिंग का चयन जिला स्तर से लेकर राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक हुआ।
पेंटिंग के चयन के बाद जेसिका को नई दिल्ली स्थित डीआरडीओ भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया। जहां रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र और 10,000 रुपये की नकद राशि देकर समान्नित किया।
सम्मान प्राप्त कर घर लौटने पर रविवार काे छात्रा जेसिका का मोहल्ले और परिजनों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। बेटी की उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। जेसिका के पिता राजीव सक्सेना ने बताया कि उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा है। उन्होंने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है। वहीं, मां ने पदक मिलने पर जेसिका को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया। परिजनाें ने बताया कि जेसिका शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। इससे पहले वह हाईस्कूल परीक्षा में भी टॉप कर चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि वीरगाथा प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति और भारत की वीर परंपरा से जुड़ाव बढ़ाना है। इस साल सुपर 100 में 64 छात्राओं का चयन हुआ है। जेसिका सक्सेना का कहना है कि उसे बचपन से ही वीरांगनाओं की पेंटिंग बनाने का शौक है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar
