शिमला, 26 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र के रवेग गांव में एक महिला के साथ मारपीट और आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना गांव के भीतर हुए विवाद के बाद सामने आई।

रवेग गांव की रहने वाली 57 वर्षीय ऊषा देवी, पत्नी दयानंद राज्टा ने थाना कुमारसैन में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसी गांव के रामानंद पुत्र बेली राम ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत में कहा गया है कि मारपीट के दौरान उनके सोने के आभूषण बाली और तिल्ली गायब हो गए। महिला ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कुमारसैन में इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 324(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और आभूषण किस परिस्थितियों में गायब हुए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
