मैहर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को माँ शारदा शक्तिपीठ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उनके आगमन पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और “जय माता दी” के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।

मंत्री विजयवर्गीय ने माँ शारदा के चरणों में प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए विशेष पूजा की। यह पूजन मंदिर के पुजारी नितिन पांडे और सुमित पांडे की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
जानकारी के लिए बता दें कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार सुबह रेवाचंल एक्सप्रेस से मैहर पहुंचे। यहां माँ शारदा शक्तिपीठ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस दौरान श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, कुलदीप तिवारी, प्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे। मंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही।
तालाबों पर अतिक्रमण का मुद्दा उठा
दौरे के दौरान शहर के तालाबों में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा भी मंत्री के सामने उठाया गया। बताया गया कि जो तालाब कभी शहर की पहचान और जल संरक्षण का प्रमुख स्रोत थे, वे धीरे-धीरे अतिक्रमण की चपेट में आकर अपना अस्तित्व खो रहे हैं।
मुद्दा उठने के बाद अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। मंत्री विजयवर्गीय के इस दौरे को धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं पर ध्यान आकर्षित करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी
