नदिया, 14 अप्रैल (हि. स.)। जिले के कल्याणी स्थित मदनपुर तेघड़ी इलाके में एक युवक के आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सुदीप विश्वास (19) के रूप में हुई है। मामूली कहासुनी के बाद युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बताया गया है कि वह लकड़ी का काम करता था और पिछले कुछ दिनों से बीमार भी चल रहा था। परिवार के अनुसार, सोमवार रात वह घर से बाहर जाना चाहता था, लेकिन उसकी मां ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच हल्की कहासुनी हुई। मां के मना करने के बावजूद युवक बाहर जाने की जिद कर रहा था, जिसके बाद मां ने उसे डांट दिया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया।
मंगलवार सुबह जब मां रोज की तरह उसे जगाने गईं तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर घर के पीछे जाकर खिड़की से झांककर देखा, तो सुदीप गले में फंदा लगाकर लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर मां जोर-जोर से रोने लगीं। उनकी चीख सुनकर पड़ोसी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना चाकदह थाना को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए कल्याणी कॉलेज ऑफ मेडिसिन एवं जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल भेज दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां का कहना है कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि मामूली डांट-फटकार का अंजाम इतना भयानक हो सकता है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
