मुरादाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के नवें दिन शुक्रवार को सुबह से ही घरों से लेकर मंदिरों तक मां भगवती के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की आराधना हुईं। भक्तों ने कन्या पूजन कर नवरात्र व्रत का संकल्प पूरा किया। श्रद्धालुओं ने घरों में व मंदिरों में कन्या भोज कराया।

भक्तों ने सर्वप्रथम कन्या-बरुओं के चरण धुलवाकर रोली से तिलक किया और उनके हाथ में कलावा बांधा। फिर प्रसाद में हलवा, चने, पूरी, सब्जी, खीर इत्यादि खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही चैत्र नवरात्र पूर्ण हो गए।
वहीं, लालबाग स्थित अति प्राचीन सिद्ध पीठ श्री काली माता मंदिर और अतिप्राचीन सिद्धपीठ नौ देवी काली माता मंदिर में काफी संख्या में महानगर के कोने-कोने से लोग पहुंचे और माता रानी के दर्शन कर प्रसाद, श्रृंगार आदि चढ़ाया व सुख समृद्धि की कामना की। इसके साथ विभिन्न कॉलोनी और मोहल्ले में बने मंदिरों में भी काफी संख्या में क्षेत्रीय लोग पहुंचे और पूजा अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया।
श्री काली माता मंदिर के महंत सज्जन गिरी महाराज और नौ देवी काली माता मंदिर के महंत राम गिरि महाराज ने बताया कि आज सुबह भीड़ के कारण मंदिर समय पहले खोलना पड़ा। दोपहर में भी दो बजे बंद किया गया। शाम को 4 बजे दोबारा खोल दिया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद देकर प्रवेश और निकासी अलग-अलग द्वार से कराई गई। देर रात तक मंदिर खुलने के कारण शनिवार को मंदिर सुबह आठ बजे खोला जाएगा।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
