लखनऊ, 05 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित नगराम थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक युवक का शव माइनर नहर में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया कि हसनपुर गांव के पास स्थित माइनर नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान उन्नाव जिले के पान कुंवर खेड़ा निवासी शैलेंद्र कुमार (26) के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शैलेंद्र की भाभी का मायका नगराम के ग्राम कनेरी में है, जिनके यहां वह पूर्व में भी आता-जाता रहा है। मृतक के परिवार में उसकी मां एवं दो विवाहित बड़े भाई हैं। निरीक्षण के दौरान प्रथमदृष्टया शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण और उपलब्ध प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर यह प्रतीत होता है कि शैलेंद्र नशे की अवस्था में नित्यक्रिया के पश्चात स्वच्छ होने के लिए माइनर नहर में उतरा, जहां संतुलन बिगड़ने के कारण फिसलकर वह मुंह के बल गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटनास्थल पर मृतक की पैंट कमर से नीचे उतरी हुई अवस्था में पाई गई। फिलहाल, प्रकरण में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
