प्रयागराज, 09 अप्रैल (हि.स.)। माघ मेले जैसे विशाल आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं को त्वरित और सुलभ परिवहन उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती होती है, जिसे रैपिडो ने प्रभावी ढंग से पूरा किया। यह बातें गुरुवार को प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से आई-ट्रिपलसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेला प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कही।

उन्होंने इसे एक महत्वपूर्ण अनुभव बताते हुए कहा कि भविष्य के माघ और कुंभ मेलों में बाइक टैक्सी सेवाओं का और विस्तार किया जा सकता है। मेला अधिकारी ऋषि राज ने भी रैपिडो की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी ने अपने मल्टी-कैटेगरी प्लेटफॉर्म के जरिए यातायात को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भविष्य में तकनीक आधारित मोबिलिटी सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा। रैपिडो के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि बड़े आयोजनों में विश्वसनीय और उत्तरदायी परिवहन सेवाएं बेहद जरूरी होती हैं। यह सम्मान उनकी कुशल संचालन क्षमता और उच्च मांग वाले वातावरण में बेहतर सेवा का प्रमाण है।
माघ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुलभ परिवहन उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाने वाली रैपिडो को “प्रिफर्ड मोबिलिटी पार्टनर” के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रयागराज मेला प्राधिकरण द्वारा आई-ट्रिपलसी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
मेले के दौरान रैपिडो ने करीब 6.1 लाख से अधिक राइड्स पूरी कीं। इसके लिए बाइक टैक्सी, ऑटो, कैब और ई-रिक्शा श्रेणियों में 6,500 से अधिक कैप्टनों का नेटवर्क तैनात किया गया। साथ ही 1.2 लाख से अधिक महिला उपयोगकर्ताओं और 1,100 से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सेवाएं प्रदान की गईं। इन प्रयासों से विशेषकर पीक आवर्स में मजबूत लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित हुई, जिससे माघ मेले के दौरान यातायात प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।
इस अवसर पर मेला प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल तथा मेला अधिकारी ऋषि राज ने रैपिडो के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
