




मेदिनीपुर, 02 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा सोमवार से पूरे राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच शुरू हो गई। मेदिनीपुर संभाग के विभिन्न जिलों में प्रशासन, पुलिस, वन विभाग और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे परीक्षार्थियों में आत्मविश्वास का संचार हुआ। इस बीच परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए राज्य प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर अंतर्गत शिरोमणिपुर गांव में परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र के लिए रवाना होने के दौरान एक भावुक दृश्य सामने आया। गांव की महिलाओं ने पारंपरिक रीति से शंख बजाकर छात्रों को शुभकामनाएं दीं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस परंपरा से विद्यार्थियों का मानसिक तनाव कम होता है और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
जंगल और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले परीक्षार्थियों के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। विष्णुपुर के डीएफओ अभिजीत कर ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान वन विभाग की ओर से छात्रों को सुरक्षित और समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ली गई है। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित इलाकों में वन विभाग की गाडियां छात्रों को एस्कॉर्ट कर रही हैं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
झाडग्राम जिले के बेलपहाडी और बांसपहाडी थाना क्षेत्रों में पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि परिवहन की समस्या के कारण कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए पुलिस पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
परीक्षा केंद्रों पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता भी देखने को मिली। झाडग्राम शहर के आर बी एम गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र पर पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और छात्राओं को गुलाब का फूल देकर उनका उत्साह बढाया। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी बिना किसी डर के शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा दें, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
घाटल विद्यासागर हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखी गईं। जीवन की पहली महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर छात्रों में हल्की घबराहट नजर आई, जिसे शिक्षकों और अभिभावकों ने उनका मनोबल बढाकर दूर करने का प्रयास किया।
दक्षिण चंगराचक स्थित सुकांत विद्यापीठ में वेस्ट बंगाल तृणमूल प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने परीक्षार्थियों को पेन और फूल भेंट कर परीक्षा में सफलता की कामना की। संगठन के एक सदस्य ने कहा कि छात्रों का मनोबल बढाना सामाजिक दायित्व है।
प्रशासन के अनुसार माध्यमिक परीक्षा 12 फरवरी तक चलेगी। नकल रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास कडी निगरानी रखी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
