पूर्वी सिंहभूम, 19 मार्च (हि.स.)। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट को लेकर गुरुवार को जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि जिन इलाकों में पिछले 10 से 15 दिनों से पेयजलापूर्ति ठप है, वहां तत्काल टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए।

सरयू राय ने बताया कि उन्हें लगातार स्थानीय लोगों से शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें उन्होंने वाट्सएप और एक्स के जरिए उपायुक्त तक भी पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जब इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया गया था, तब सरकार की ओर से यह दावा किया गया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में सभी जगह नियमित जलापूर्ति हो रही है, लेकिन अब जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग सामने आ रही है।
उन्होंने जिन प्रभावित क्षेत्रों का उल्लेख किया है, उनमें पोस्ट ऑफिस रोड, प्रह्लाद नगर, चटाई कॉलोनी, आनंद विहार फ्लैट के पीछे और आसपास की बस्तियां शामिल हैं, जहां लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। कई जगहों पर तो स्थिति इतनी गंभीर है कि लोगों को दूसरे इलाकों से पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि अधिकारियों की ओर से दिन नए-नए कारण बताकर लोगों को केवल आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि कई मुहल्लों में देर रात एक-दो बजे के बीच महज कुछ मिनटों के लिए पानी आता है, जिससे लोग पानी संग्रह भी नहीं कर पाते।
सरयू राय ने उपायुक्त से प्रभावित मुहल्लों की सूची तैयार कर वहां नियमित रूप से टैंकर के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने की मांग की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
