कोलकाता, 07 मार्च (हि.स. )। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को घोषणा की है कि राज्य सरकार की ‘युवा साथी’ योजना के तहत भत्ता अब अप्रैल की जगह इसी महीने से लाभार्थियों के खातों में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि आज यानि शनिवार सात मार्च से ही लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि जमा होने लगेगी।

धर्मतला के मेट्रो चैनल स्थित धरना मंच से बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले इस योजना के तहत भुगतान एक अप्रैल से शुरू करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इसे पहले ही शुरू करने का फैसला किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के करीब एक करोड़ युवक-युवतियों ने इस योजना के लिए आवेदन किया है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हर महीने 1500 रुपये का भत्ता सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का माध्यमिक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही यह योजना केवल उन युवाओं के लिए है जो किसी प्रकार की नौकरी या काम नहीं कर रहे हैं। लाभार्थी अधिकतम पांच वर्ष तक इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग राज्य सरकार की किसी अन्य सामाजिक योजना का लाभ ले रहे हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे। हालांकि छात्रवृत्ति, शिक्षाश्री, कन्याश्री या रूपश्री जैसी योजनाओं का लाभ लेने वाले छात्र-छात्राएं ‘युवा साथी’ योजना के लिए पात्र रहेंगे, क्योंकि ये योजनाएं पढ़ाई के उद्देश्य से दी जाती हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
