कोलकाता, 21 फ़रवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मालदह जिले में नियुक्तियों को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के जरिए राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सरकार की जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति तथा मालदह जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओएच) कार्यालय की ओर से जारी एक नोटिस (मेमो संख्या : DH & FWS/353, दिनांक : 20.02.2026) वास्तव में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) और नेशनल आयुष मिशन (एनएएम) के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से संबंधित है। दोनों ही योजनाएं केंद्र सरकार के अधीन संचालित की जाती हैं।

लेकिन शुभेंदु अधिकारी का आरोप है कि मालदह जिले में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और मंत्रियों की मौजूदगी में “नियुक्ति महोत्सव” के नाम पर कार्यक्रम आयोजित कर, केंद्र सरकार की इस पहल को राज्य सरकार की अपनी योजना के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे जनता को गुमराह करने वाला कदम बताया।
नेता प्रतिपक्ष ने अपने पोस्ट में तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को अपना बताकर प्रचार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है इनपुट डिपार्मेंटऔर यह आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल को इस तरह की राजनीति में “कोई संकोच या नैतिकता नहीं रह गई है।”
इस पूरे मामले को लेकर राज्य सरकार या तृणमूल कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
