परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज, घटना के बाद से दहशत में मासूम बालक

झांसी, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में नवाबाद थाना क्षेत्र में एक नौ वर्षीय बालक के साथ दो किशोरों ने सामूहिक कुकर्म कर वीडियो बनाई और वायरल कर दिया। घटना के बाद से बालक दहशत में था, लेकिन आरोपियों द्वारा वीडियो वायरल के बाद घटना की सच्चाई बालक के परिजनों को मिली तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर बालक का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के एक इंजीनियर कॉलेज के पास रहने वाले दलित परिवार के यहां सात मार्च को शादी समारोह का आयोजन था। परिवार के सभी लोग शादी समारोह में व्यस्त थे। इसी बीच दो किशोर उस बालक को अपने साथ बहला फुसला कर खंडहर में ले गए। जहां उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए सामूहिक कुकर्म किया और वीडियो बनाई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने बालक को किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने की हिदायत दी। आरोपितों की धमकी से घबराया पीड़ित बालक चुपचाप अपने घर में क्षुब्ध होकर रहने लगा। दो दिन तक परिवार से कोई बातचीत नहीं करने और गुमसुम रहने पर परिवार के लोगों ने उससे जानकारी लेने का काफी प्रयास किया। लेकिन दहशत के चलते बालक ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। बीते रोज वही वीडियो गांव में कुछ लोगों के मोबाइल पर वायरल कर दी गई। वायरल वीडियो लेकर एक व्यक्ति पीड़ित बालक के घर पहुंचा और पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने बालक से जानकारी लेने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए वीडियो कब्जे में लेकर तत्काल आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर पीड़ित बालक का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
इनका है कहना
इस संबंध में नवाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मासूम का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
