

अमेठी, 03 मार्च (हि.स.)। कमरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गढ़ा गांव के पास मंगलवार को साइकिल से दवा लेने बाजार जा रहे दंपति के ऊपर अनियंत्रित मिनी ट्रक पलटा। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

कमरौली थाना प्रभारी मुकेश कुमार पटेल ने बताया कि सूबेदार का पुरवा मजरेबहुआ गांव निवासी वसीम अपनी पत्नी अनवरी (60)काे साइकिल पर बैठाकर घर से दवा लेने के लिए निकले थे। वे अभी गढ़ा गांव के पास पहुंचे थे, तभी लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रही मिनी ट्रक पलट गया। उसके नीचे दबकर अनवरी की मौत हो गई और वसीम घायल हो गये। चालक वाहन छोड़कर भाग गया। घटना पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को ट्रामा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया। वाहन को रास्ते से हटाकर आवागमन पूरी तरह से बहाल कराया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी
