
बरेली, 10 फरवरी (हि.स.) । जनपद में पांच से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को मीजल्स-रूबेला (एमआर) संक्रमण से बचाने के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान को सफल बनाने हेतु मंगलवार को नगर निगम सभागार में पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप सभापति सर्वेश ने की।

उन्होंने कहा कि मीजल्स-रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान की सफलता में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में जनजागरूकता फैलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराएं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि कक्षा एक से पांच तक अध्ययनरत 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के 4,84,679 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान सभी सरकारी, गैर-सरकारी व सहायता प्राप्त विद्यालयों में चलाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 में जनपद में मीजल्स के 14 और रूबेला के तीन मामले मिले थे, जबकि इस वर्ष अब तक मीजल्स के चार व रूबेला का एक मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि एमआर टीका एक ही शॉट में दोनों बीमारियों से प्रभावी सुरक्षा देता है।
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश समेत डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा लगभग 55 पार्षद मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
