मुंबई, 27 जनवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक मेट्रो लाइन 8 के कनेक्शन को मंज़ूरी मिल गई है।

मंगलवार को मुंबई स्थित मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस मेट्रो लाइन की कुल लंबाई 35 किलोमीटर, अंडरग्राउंड लाइन 9.25 किलोमीटर, एलिवेटेड लाइन 24.636 किलोमीटर, कुल 20 स्टेशन, 6 स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे। साथ ही इस प्रोजेक्ट में 14 स्टेशन एलिवेटेड होंगे। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 2 स्टेशन से घाटकोपर ईस्ट तक अंडरग्राउंड स्टेशन, घाटकोपर वेस्ट स्टेशन से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल 2 स्टेशन तक एलिवेटेड स्टेशन, दो स्टेशनों के बीच औसत दूरी 1.9 किलोमीटर, ज़मीन अधिग्रहण की ज़रूरत 30.7 हेक्टेयर है, ज़मीन अधिग्रहण की लागत 388 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। प्रोजेक्ट की कुल लागत 22,862 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि इस प्रोजेक्ट में राज्य और केंद्र सरकार दोनों वायबिलिटी गैप फंडिंग का 20 प्रतिशत योगदान देंगे। बाकी 60 प्रतिशत मेट्रो बनाने वाली प्राइवेट पार्टी द्वारा लाया जाएगा। यह प्रोजेक्ट को पूरा करने का कार्यकाल पांच साल का तय किया गया है, लेकिन वे चाहते हैं कि यह प्रोजेक्ट सिर्फ साढ़े तीन सालों में पूरा हो जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की बैठक में इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में ‘अटल सेतु’ स्कीम लागू करने, ठेकेदारों के पेंडिंग पेमेंट के लिए ट्रेड्स प्लेटफॉर्म बनाए जाने, धुले में जवाहर शेतकरी कोऑपरेटिव स्पिनिंग मिल को फिर से शुरू किए जाने, अलग-अलग मकसद के लिए दी गई सरकारी ज़मीन का लीज़ पीरियड बढ़ाए जाने आदि महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
