मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई में मंगलवार को एक ही दिन में दादर, माटुंगा और खेरवाड़ी इलाके में तीन लोगों की हत्या की गई। इन तीनों मामलों में पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि ४ आरोपित अभी भी फरार हैं। इन मामलों की छानबीन स्थानीय पुलिस कर रही है।

दादर पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी ने बताया कि सयाजी वाड़ी में सात आरोपितों ने अंकुश आंबेकर को उसकी पत्नी के सामने बेरहमी से पीटा और उसे मरा हुआ समझकर फरार हो गए। इस घटना में घायल अंकुश आंबेकर को केईएम अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में गौरव सनस, अनिल पटेल, राजेश पटेल, सिद्धेश पटेल, साहिल राणे, अविनाश खवारे और अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहन छानबीन दादर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। इसी तरह आज माटुंगा में पार्किंग को लेकर हुए विवाद की वजह से दो लोगों ने एक वरिष्ठ नागरिक नरेश वाघेला की हत्या कर दी और फरार हो गए। वाघेला आरोपितों को दादर टाटा में पुल के नीचे अपनी गाड़ी पार्क न करने के लिए कहने गए थे। माटुंगा पुलिस स्टेशन ने इस मामले में साहिल घाडगे और शाहबाज रफीक शेख पर हत्या का मामला दर्ज किया है और दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
इसी तरह खेरवाड़ी में पुरानी दुश्मनी के कारण धारदार हथियार से वार करके दो लोगों ने अभिनव चौधरी की हत्या कर दी। इस मामले में अभिनव के परिवार की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। खेरवाड़ी पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
