बीकानेर, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे ने रविवार को पंचायत समिति नोखा एवं पांचू क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की योजनाओं के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के दौरान ग्राम पंचायत मुकाम में विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए उन्होंने मुकाम स्थित गुरु जम्भेश्वर भगवान के मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने इस पवित्र स्थल को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत सोमलसर के सामुदायिक भवन एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उन्हें शीघ्र क्रियाशील करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत चरकड़ा में अन्नपूर्णा रसोई का भी निरीक्षण किया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पंचायत समिति नोखा कार्यालय का निरीक्षण कर नवीन भवन की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों से कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, पार्क एवं हाईटेक लाइब्रेरी विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता गतिविधियों को बढ़ाने, विभागीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने तथा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात पंचायत समिति पांचू क्षेत्र की ग्राम पंचायतों का भी दौरा किया गया। ग्राम पंचायत कूदसू में पार्क एवं स्टेडियम का निरीक्षण किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित 21 अप्रैल के पचपदरा दौरे के मद्देनजर नोखा विधानसभा क्षेत्र (पंचायत समिति नोखा एवं पांचू) के लाभार्थियों हेतु निर्धारित चेक पोस्ट स्थल का भी निरीक्षण किया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पंचायत समिति परिसर में गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पालसिये स्थापित कर उनमें जल भरवाया तथा आमजन से पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता रखने की अपील की। इसके साथ ही पशुओं के लिए खेळी में पर्याप्त जल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विकास अधिकारी नोखा भोम सिंह इंदा, विकास अधिकारी पांचू जसवंत बिश्नोई, सहायक अभियंता सदासुख स्वामी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
