भागलपुर, 14 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में भागलपुर के जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी गांव में जिला प्रशासन की टीम ने शनिवार को स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के लिए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, डीडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम समेत जिले के कई वरीय पदाधिकारी काफिले के साथ बैजानी पहुंचे।

अधिकारियों ने संभावित कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और वहां की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, मंच तथा अन्य सुविधाओं का बारीकी से सर्वे किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी तिथि निर्धारित नहीं हुई है, लेकिन संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन पहले से ही तैयारी में जुट गया है।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जगदीशपुर के बैजानी में आयोजित होता है तो यहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। साथ ही कार्यक्रम को लेकर सभी मजिस्ट्रेट की तैनाती की योजना भी तैयार कर ली गई है। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के हर पहलू का आकलन किया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
डीएम ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का किसी जिले में आगमन वहां के लिए खुशी और गौरव की बात होती है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यदि कार्यक्रम तय होता है तो सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु और व्यवस्थित रहें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
