इटानगर, 09 फरवरी (हि.स.)। अरुणाचल सिविल सोसाइटी (एसीएस) ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू से नैतिक आधार पर पद छोड़ने की मांग की, ताकि उनके रिश्तेदारों को बड़े पैमाने पे सरकारी ठेका देने के मामले में जांच एजेंसी द्वारा निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की जा सके।

आज अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए एसीएस के सूचना एवं जनसंपर्क सचिव गिया तानम ने कहा कि स्वैच्छिक अरुणाचल सेना और सेव मोन रीजन फेडरेशन द्वारा मुख्यमंत्री पेमा खांडू के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में दायर रिट याचिका में उनके पद के दुरुपयोग और अपने करीबी रिश्तेदारों के स्वामित्व वाली या नियंत्रित कंपनियों को बड़े पैमाने पर लोक निर्माण का ठेका देने का आरोप लगाया गया है।
सर्वोच्च न्यायालय में मामला स्वीकार किए जाने के बाद कई बार सुनवाई हो चुकी है और अगली सुनवाई इस महीने की 17 तारीख को होगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच एजेंसी मामले में निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच करने में सक्षम नहीं है, और यह तभी संभव हो पाएगा जब मुख्यमंत्री पेमा खांडू अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि सर्वोच्च न्यायालय ने राज्य को इस संबंध में राज्य के अन्य जिलों के आंकड़े भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू से जुड़ी चार कंपनियों- मेसर्स ब्रांड ईगल्स, मेसर्स फ्रंटियर एसोसिएट, मेसर्स आरडी कंस्ट्रक्शन और मेसर्स एलायंस ट्रेडिंग कंपनी को करोड़ों के सरकारी ठेके दिये जाने के आरोप हैं और इन सभी कंपनियों के मालिक खांडू के करीबी रिश्तेदार हैं।
उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री पेमा खांडू इस्तीफा नहीं देते हैं तो एसीएस बहुत जल्द लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
