
जयपुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को जयपुर के आराध्य गोविंददेव मंदिर परिसर स्थित जय निवास उद्यान से विधिवत पूजा-अर्चना कर विशाल कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत-महात्मा राष्ट्र को सही दिशा देकर सनातन संस्कृति को सशक्त बना रहे हैं। उनके विचार मानवता, सेवा और सद्भावना का संदेश देते हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे संतों की शिक्षाओं और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा भारत की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि बाबा बालनाथ ने भारतीय धर्म एवं संस्कृति के संवर्धन में अद्वितीय योगदान दिया और उसी परंपरा का अनुसरण बाबा बस्तीनाथ महाराज द्वारा किया जा रहा है।

शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना पर आधारित है, जो समस्त मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा बस्तीनाथ महाराज को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके आशीर्वचन भी सुने।
कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने गोविंददेव मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से उन्होंने आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान भक्तों के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में विधायक देवी सिंह शेखावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
