
सीतापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 9 फरवरी को सम्भावित सीतापुर दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से लखनऊ जोन की आईजी किरण एस शनिवार शाम सीतापुर पहुंचीं और हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

आईजी किरण एस ने सबसे पहले जीआईसी मैदान में बनाए गए प्रस्तावित हेलीपैड का जायजा लिया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल तपोधाम आश्रम तक पहुंचीं और पूरे रूट की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले सभी प्रमुख चौराहों, कट्स और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
आईजी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर स्थित सभी कट्स को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। साथ ही सड़क किनारे स्थित भवनों की छतों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के लिए ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आईजी ने पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से पहले अपने-अपने स्थानों पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। आईजी ने कहा कि सभी सम्बंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जाए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिले में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पूरे रूट को सुरक्षा के लिहाज से चाक-चौबंद किया जा रहा है, वहीं आमजन की सुविधा और सुरक्षा को भी ध्यान में रखा जा रहा है। शनिवार की देर शाम प्रशासन ने 8 एवं 9 फरवरी तक कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे नगर क्षेत्र को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित कर दिया है।
जानकारी हो कि सीतापुर में यूनियन पूर्वन अंतर्गत शास्त्री नगर वार्ड में तपोद्धाम आश्रम में 9 फरवरी को ‘गुरु गोरखनाथ’ जी की मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम है। जिसमें मुख्यमंत्री के आने की सम्भावना जताई जा रही है।पिछले कई दिनों से प्रशासनिक अमला मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के देखते हुए तैयारी में जुटा हुआ है। शनिवार दोपहर राज्यमंत्री एवं सदर विधायक राकेश राठौर ‘गुरु’ एवं तपोधाम आश्रम के महन्त तेजनाथ ने पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर होने वाली तैयारियों का जायजा लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
