जौनपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की सरायख्वाजा और बक्सा थाना पुलिस टीम ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। दाेनाें अभियुक्त घायल है, जबकि उनके तीन अन्य साथी फरार है।

अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) आतिश कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सरायख्वाजा व थानाध्यक्ष बक्सा अपनी टीम के साथ छबिलेपुर-छुन्छा मार्ग पर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, ताे उन लाेगाें ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें खानपुर निवासी गुडलक तिवारी के दाए पैर और आहाेपुर निवासी शशांक सिंह के बाए पैर में गाेली लगी है। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस काे तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से दो तमंचे, कारतूस बाइक एवं मौके से एक लाख 25 हजार रुपये नगद बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे अवैध असलहा खरीद-बिक्री के लिए जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
—————-
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
