


मुरादाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित चक्कर की मिलक में सोमवार रात्रि दंपति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे मृतक के मकान को लेकर पड़ोसी से विवाद चल रहा था। घटना की सूचना पर पुलिस उप महानिरीक्षक मुनिराज जी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला चक्कर की मिलक में राजा और उसकी पत्नी फराह रह रहे थे। मकान को लेकर उनका अपने पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 24,000 रुपये के लेनदेन और मकान की रजिस्ट्री को लेकर राजा और उसकी पत्नी फराह का पड़ोसियों से कई बार विवाद हो चुका था। आज दोपहर भी इनके बीच आपस में कहासुनी हुई थी। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि आरोपित पड़ोसी ने ही आज रात लगभग 10 बजे घर में घुसकर दोनों की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय ने बताया कि फारेंसिक टीम के द्वारा घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए जा रहे है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर लिखी जा रही है तहरीर मिलने के बाद आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
