-फरार किशोरों में उत्तराखंड व अमरोहा के दो-दो, एक किशोर था मुरादाबाद का

मुरादाबाद, 09 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के फकीरपुरा स्थित में समाज कल्याण विभाग के कार्यालय के पास स्थित राजकीय किशोर संप्रेक्षण गृह से रविवार आधी रात में पांच किशोर बंदी फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो किशोरों को बरामद कर लिया, जबकि तीन की तलाश जारी है।

संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी ने पुलिस को इस मामले की तहरीर दी। तहरीर में बताया कि रविवार की रात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुमित कुमार और रोहित, सिपाही रविंद्र कुमार तथा होमगार्ड केशव कुमार, महेश पाल सिंह और आदेश कुमार सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। रविवार रात 2ः55 बजे पांच किशोर कमरे का ताला तोड़कर छत पर चढ़ गए और वहां से कूदकर भाग निकले। फरार किशोरों में अमरोहा के धनौरा थाना क्षेत्र के दो, उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के आईटीआई थाना क्षेत्र के दो और ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र का एक किशोर शामिल है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी अधीक्षक ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कर्मचारियों और पुलिस ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन शुरू में कोई सुराग नहीं मिला। इंस्पेक्टर सिविल लाइन मनीष सक्सेना ने बताया कि मामले में आज मुकदमा दर्ज कर फरार किशोरों की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
