मुरादाबाद, 06 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के 14 विभागों के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने अभी सम्पत्ति का विवरण नहीं दिया है। इसी कारण ऐसे कर्मचारियों के वेतन बैंक खातों में नहीं पहुंच सके हैं। कोषागार कार्यालय के 14 विभागों के विभागाध्यक्षों ने करीब 300 कर्मचारियों के वेतन रोक दिए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रनवीर सिंह के अनुसार महिला अस्पताल की तीन डॉक्टरों ने मानव सम्पदा पोर्टल पर 31 जनवरी तक अपनी सम्पत्ति का विवरण अपलोड नहीं किया है। इसी कारण उनके वेतन रोके गए हैं। इसी प्रकार पशु पालन विभाग में 30 कर्मचारियों के वेतन रोके गए हैं।

मुख्य पशु अधिकारी सुनील दत्त प्रजापति ने बताया कि विभाग में 100 कर्मचारी हैं। इसमें 70 प्रतिशत लोगों ने निर्धारित समय तक अपनी अपनी सम्पत्ति के व्यौरों को अपलोड कर दिया था। विभाग के 30 कर्मचारियों के वेतन रोके गए हैं।
इसी प्रकार डीपीआरओ, प्रोवेशन, पीडब्ल्यूडी, डायट, होम्योपैथिक ईएसआई, सिलिंग के कुछ कर्मचारियों के वेतन रोके गए हैं। जिला आपूर्ति विभाग के 12 कर्मचारियों के वेतन रोके गए हैं। पता चला कि सभी कर्मचारी एसआईआर के कार्यों में व्यस्त थे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि छह सुपरवाइजराें ने अपनी सम्पत्ति का ब्यौरा समय से अपलोड नहीं किया है। इसी प्रकार अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कर्मचारियों के वेतन का ब्यौरा कोषागार कार्यालय को नहीं मिला है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
