मुरैना, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र में शनिवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक बकरी को कुचल दिया, इसके बाद उसे रोकने की कोशिश कर रहे चरवाहे को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक का पैर ट्रक के टायर में फंस गया और चालक करीब 25 किलोमीटर तक ट्रक दौड़ाता रहा। इस दौरान युवक ट्रक के नीचे घिसटता रहा, जिससे उसका सिर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र के सोनू धोबी (25) पुत्र चटई धोबी के रूप में हुई है। वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे सड़क किनारे बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान शिवपुरी की ओर से कैलारस की तरफ जा रहा ट्रक एमपी 31 एचए 1220 तेज रफ्तार में आया और उसकी एक बकरी को कुचल दिया।
बताया जा रहा है कि सोनू ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने लापरवाही से ट्रक आगे बढ़ा दिया और उसे भी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सोनू का पैर ट्रक के टायर में फंस गया। चालक बिना रुके ट्रक दौड़ाता रहा, जिससे युवक करीब 25 किलोमीटर तक ट्रक के नीचे फंसा हुआ घिसटता रहा। इस दौरान उसका सिर कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना देख आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहाड़गढ़ थाना पुलिस सक्रिय हो गई और ग्रामीणों की मदद से ट्रक का पीछा शुरू किया। आखिरकार किसारोली गांव के पास ट्रक को रुकवाकर चालक को पकड़ लिया गया। पहाड़गढ़ थाना प्रभारी टीआई राजेंद्र परिहार ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं एडिशनल एसपी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक ने पहले बकरी को कुचला। जब चरवाहे ने ट्रक रोकने का प्रयास किया तो उसका पैर ट्रक में फंस गया और वह काफी दूरी तक घिसटता रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
