नई दिल्ली, 25 जनवरी (हि.स.)। सरस्वती मूर्ति विसर्जन के दौरान यमुना नहर में हुए हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूर्वी दिल्ली और उप्र की सीमा से होकर बहने वाली यमुना नहर में एक युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही है। लापता युवक की पहचान विकास के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, उप्र एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए 5 से 6 युवक यमुना नहर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक विकास का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नहर में गिर पड़ा। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण वह कुछ ही पलों में पानी में ओझल हो गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी अमोल श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 से 8:15 बजे के बीच यूपी पुलिस को यमुना नहर में युवक के गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए करीब 8:30 बजे एनडीआरएफ को भी मौके पर बुलाया गया।
तेज बहाव बना बड़ी चुनौती
अधिकारियों के अनुसार, यमुना नहर दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा के साथ बहती है और इस समय इसमें पानी का बहाव काफी तेज है। इसी वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गोताखोरों की मदद से नहर में लगातार छानबीन की जा रही है, वहीं संभावित बहाव क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
दिल्ली बोर्ड क्लब के इंचार्ज हरीश कुमार ने बताया कि देर रात करीब 12:30 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, लेकिन रविवार सुबह 6:30 बजे से एक बार फिर तलाश शुरू कर दी गई है। बोर्ड क्लब के प्रशिक्षित गोताखोर लगातार यमुना नहर में युवक की तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद से प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू टीमों के साथ समन्वय बनाकर पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों और घटना के समय मौजूद युवकों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे से जुड़ी हर जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
सतर्कता बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मूर्ति विसर्जन और अन्य धार्मिक गतिविधियों के दौरान नहरों, नदियों और अन्य जल स्रोतों के पास विशेष सावधानी बरतें। तेज बहाव और फिसलन के कारण ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। फिलहाल युवक विकास की तलाश लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आती, तब तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
